Home » भक्ति और उल्लास के बीच पत्थलगांव में छठ पूजा संपन्न, विधायक गोमती साय ने किया प्रसाद वितरण

भक्ति और उल्लास के बीच पत्थलगांव में छठ पूजा संपन्न, विधायक गोमती साय ने किया प्रसाद वितरण

by sanjay tiwari
4 minutes read

भक्ति और उल्लास के बीच पत्थलगांव में छठ पूजा संपन्न, विधायक गोमती साय ने किया प्रसाद वितरण

पत्थलगांव। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा मंगलवार की भोर में उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। शहर के छठ तालाब, पूरन तालाब, झरिया सहित ग्रामीण क्षेत्रों के पोखरों और जलाशयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छठव्रतियों ने मंत्रोच्चारण के साथ सूर्यदेव की पूजा कर सुख, शांति, समृद्धि और संतान प्राप्ति की कामना की।


व्रतधारियों ने गेहूं के आटे से बने ठेकुआ, चने, केला, सेव और अन्य फलों का प्रसाद अर्पित किया। यह प्रसाद बांस के सूप में रखकर पूजा के लिए समर्पित किया गया। 36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने पारण किया।


इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय भी पूरन तालाब स्थित छठ घाट पहुंचीं और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष छठ घाट निर्माण की जो घोषणा की गई थी, उसे आज पूरा किया गया है। उन्होंने 40 लाख रुपये की लागत से पक्के सीमेंट घाट निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। विधायक साय ने कहा, मैंने जो वादा किया था, उसे निभाया है। अब श्रद्धालुओं को पूजा में सुविधा होगी और अधिक जगह भी मिलेगी, क्योंकि हर वर्ष भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है।इस दौरान विधायक गोमती साय ने विभिन्न घाटों का भ्रमण कर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं से मुलाकात की। उन्होंने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं और उनके सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।


इसके बाद उन्होंने मंच पर खड़े होकर अपने हाथों से समिति द्वारा तैयार प्रसाद का वितरण भी किया। उनके इस व्यवहार से श्रद्धालु उत्साहित और भावविभोर नजर आए।
सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरन तालाब छठ घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए। आस-पास के गांवों से भी लोग इस अद्भुत दृश्य को देखने पहुंचे। बच्चे, महिलाएं और पुरुष सभी ने भगवान भास्कर से अपने और अपने परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
छठ पर्व सूर्योपासना का उत्सव है, जिसमें सूर्य देवता को ऊर्जा, आरोग्य और जीवन शक्ति के प्रतीक के रूप में पूजित किया जाता है। इस अवसर पर शहर के सभी घाटों को आकर्षक गेट, रंगीन लाइटिंग और फूलों से सजाया गया था। वातावरण दीपावली जैसा आलोकित था और श्रद्धालु आतिशबाजी कर उल्लास मना रहे थे।


भोजपुरी समाज पत्थलगांव की ओर से छठ पूजा के आयोजन में विशेष भूमिका निभाई गई। समाज के सदस्यों ने घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया। अनुमानित 3 से 4 हजार श्रद्धालु पूरन तालाब स्थित छठ घाट पर इस पावन अवसर के साक्षी बने।भोजपुरी समाज के संरक्षक मनोज तिवारी ने कहा, समाज के सभी सदस्यों ने अथक मेहनत कर छठ घाट को भव्य रूप दिया। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन का सहयोग पूरे आयोजन के दौरान सराहनीय रहा।छठ पूजा समिति के अध्यक्ष श्यामनारायण गुप्ता ने बताया कि भोजपुरी समाज के युवा वर्ग ने सजावट और व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन यादव ने कहा कि छठ घाट की सजावट और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।इस अवसर पर भोजपुरी समाज के अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, संरक्षक मनोज तिवारी, बच्चन दुबे, अशोक श्रीवास्तव, अरुण गुप्ता, सतीश मिश्रा, अमर महतो, प्रदीप गुप्ता, श्यामनारायण गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता,संजय तिवारी, नीरज गुप्ता, कृष्णा सिंह, प्रमोद साहू, सुनील गुप्ता, राजीव साहू, रामानंद सिंह, बंटी सिंह, पवन गुप्ता, लक्की गुप्ता, रोशन साहू, राजेश साहू, ओम गुप्ता, विकास, सोनू रजक सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। छठ पूजा का यह पावन पर्व पत्थलगांव में आस्था, एकता और सामाजिक सहयोग का अद्भुत उदाहरण बन गया।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00